जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में भारी बारिश और बादल फटने की घटना ने हालात गंभीर बना दिए हैं। अचानक आई इस प्राकृतिक आपदा से क्षेत्र में जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हुआ है और कई इलाकों में भारी नुकसान की सूचना है। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए हैं और प्रभावित क्षेत्रों पर नजर रखी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, भलेसा क्षेत्र के खलजुगासर इलाके में बादल फटने की घटना हुई, जिसके बाद तेज बहाव के साथ अचानक बाढ़ आ गई। इस बाढ़ ने खेतों को भारी नुकसान पहुंचाया है। किसानों की तैयार खड़ी फसलें नष्ट हो गई हैं, वहीं सेब सहित अन्य फलदार बागानों को भी गंभीर क्षति हुई है। इसके अलावा कई घरों और निजी संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचने की खबर है।
भारी बारिश के चलते क्षेत्र की कई प्रमुख सड़कें बंद हो गईं, जिससे भलेसा का भट्यास इलाका अन्य हिस्सों से घंटों तक पूरी तरह कटा रहा। वहीं डोडा के कश्तीगढ़ क्षेत्र में भी मूसलाधार बारिश के बाद अचानक बाढ़ जैसे हालात बन गए। राहत की बात यह रही कि कश्तीगढ़ में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं मिली है।
बारिश और बादल फटने के कारण कई नदियां और नाले उफान पर आ गए, जिससे निचले इलाकों में पानी भर गया और कई जगह मिट्टी का कटाव भी देखने को मिला। सड़कों के बंद होने से स्थानीय लोगों को आवागमन और जरूरी सेवाओं में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। प्रशासन ने मशीनरी लगाकर मार्गों को खोलने और हालात सामान्य करने की कोशिशें तेज कर दी हैं।