जम्मू। जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला पर हुए हमले की जांच को तेज़ किया गया है। इस मामले में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सार्वजनिक अपील जारी करते हुए शादी समारोह में मौजूद लोगों से किसी भी तरह की सूचना, वीडियो या तस्वीरें साझा करने का अनुरोध किया है।

पुलिस ने घटना की जांच के लिए विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है। जम्मू-सांबा-कठुआ रेंज मुख्यालय ने इस संबंध में नोटिस जारी किया है। डीआईजी शिव कुमार शर्मा ने सभी समारोह के मेहमानों, आम नागरिकों और डिजिटल साक्ष्य रखने वाले व्यक्तियों से अपील की है कि वे अपनी जानकारी जांच एजेंसी के साथ साझा करें।

जिन्हें सूचनाएँ साझा करनी हों, वे 9419150173, 9419131379 और 9419186210 पर संपर्क कर सकते हैं।

एफआईआर दर्ज, SIT जांच में लगी

जानकारी के अनुसार, फारूक अब्दुल्ला 11 मार्च (बुधवार) को शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे, तभी उन पर हमला किया गया। इस मामले में गंग्याल पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है।

डीआईजी ने जोर देकर कहा कि जनता का सहयोग SIT के लिए अहम सबूत जुटाने और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।