लद्दाख। केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में प्रशासनिक ढांचे का विस्तार करते हुए पांच नए जिलों के गठन की अधिसूचना जारी कर दी गई है। इस संबंध में उपराज्यपाल (LG) विनय कुमार सक्सेना ने जानकारी साझा करते हुए इसे लद्दाख के लिए एक ऐतिहासिक कदम बताया।

अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पोस्ट में एलजी ने कहा कि यह निर्णय लंबे समय से लंबित मांगों और स्थानीय लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

पांच नए जिले घोषित

लद्दाख में जिन पांच नए जिलों का गठन किया गया है, उनमें शामिल हैं—

  • नुब्रा
  • शाम
  • चांगथांग
  • ज़ांस्कर
  • द्रास

इन नए जिलों के बनने के बाद लद्दाख में अब कुल जिलों की संख्या दो से बढ़कर सात हो गई है।

प्रशासनिक सुधार और विकास पर जोर

यह फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित और समृद्ध लद्दाख” के विजन के अनुरूप बताया जा रहा है। गृह मंत्रालय ने अगस्त 2024 में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी थी, जिसके बाद अब इसे औपचारिक रूप से लागू कर दिया गया है।

अधिकारियों के अनुसार, इस कदम से प्रशासनिक कामकाज में तेजी आएगी और शासन व्यवस्था अधिक विकेंद्रीकृत होगी। दूर-दराज और दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक सरकारी सेवाओं की पहुंच और बेहतर होगी।

विकास के नए अवसरों की उम्मीद

नए जिलों के गठन से न केवल प्रशासनिक सुविधा बढ़ेगी, बल्कि क्षेत्र में विकास, रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर भी उत्पन्न होने की संभावना है। सरकार का मानना है कि इससे स्थानीय लोगों को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा और क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी।