सहारनपुर। चिलकाना थाना क्षेत्र के गांव पठेड में रविवार देर रात एक सड़क हादसे में संविदा विद्युतकर्मी की जान चली गई। ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे कर्मचारी की स्कूटी को किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई।

बिजलीघर के पास हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, गांव पठेड बरथाकायस्थ निवासी विकास शर्मा उर्फ मोनू (36) विद्युत निगम में संविदा कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे। रविवार रात वह ड्यूटी समाप्त कर स्कूटी से घर लौट रहे थे।

इसी दौरान बिजलीघर के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि विकास सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी स्कूटी भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

घटना के बाद आसपास के लोगों ने परिजनों को सूचना दी और घायल को तुरंत पिलखनी स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इसके बाद परिजन शव को घर ले आए, जहां मातम पसर गया।

पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलते ही चिलकाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

परिजनों के अनुसार, विकास शर्मा ही परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी और दो छोटे बेटे हैं, जिनकी उम्र 12 और 10 वर्ष है।

अचानक हुई इस दुर्घटना से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है, जबकि गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।