जम्मू। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने प्रशासनिक सुचारू संचालन और कार्यकुशलता को ध्यान में रखते हुए असिस्टेंट इंजीनियर और इंचार्ज असिस्टेंट इंजीनियर (सिविल) स्तर के अधिकारियों के बड़े पैमाने पर तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। विभाग द्वारा कुल 260 इंजीनियरों के स्थानांतरण किए गए हैं, जो तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।
विभागीय आदेश के अनुसार, इससे पहले अस्थायी रूप से इंचार्ज असिस्टेंट एग्जिक्यूटिव इंजीनियर के रूप में पदोन्नत किए गए 124 इंजीनियर वर्तमान में नई तैनाती का इंतजार कर रहे थे। अब प्रशासनिक जरूरतों को देखते हुए उनकी पोस्टिंग और समायोजन से जुड़े आदेश जारी कर दिए गए हैं।
नई सूची में कई इंजीनियरों को अलग-अलग विभागों और डिवीजनों में जिम्मेदारी सौंपी गई है। इंजीनियर शहनाज अहमद चौधरी को पदोन्नति के बाद पीएमजीएसवाई सब डिवीजन बालाकोट में तैनात किया गया है, जबकि मोहम्मद अफजल वानी को पीडब्ल्यूडी (आर एंड बी) डिवीजन हंदवाड़ा के एसडी राजवार में नियुक्त किया गया है।
इसी तरह आरिफ अहमद बांडे को एसएमसी सिटी रोड्स डिवीजन श्रीनगर, अमित कुमार को पीडब्ल्यूडी प्रोजेक्ट डिवीजन-III, और सुभाष चंदर को पीडब्ल्यूडी सब डिवीजन पौनी-रियासी में नई जिम्मेदारी दी गई है। सैयद सायिम को सोपोर डिवीजन, शकील अहमद मिर्जा को डीआईक्यूसी और मोहसिन राशिद वानी को प्रोजेक्ट डिवीजन-III श्रीनगर में पदस्थ किया गया है।
वहीं कुछ अधिकारियों को प्रतिनियुक्ति या अन्य विभागों में भेजा गया है। मुजमिल मुश्ताक खांडे को एम्स अवंतीपोरा में वर्तमान प्रतिनियुक्ति पर कार्य जारी रखने की अनुमति दी गई है, जबकि आसिम कुरैशी को श्रीनगर डेवलपमेंट अथॉरिटी में तैनाती के लिए भेजा गया है।
इसके अलावा शेख उमर राशिद को काइमोह, निसार अहमद मीर को ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के अधीन, फैजान जमील शाह को पीएमजीएसवाई सर्किल बारामूला और आशिक हुसैन गनई को पीडब्ल्यूडी सर्किल कुलगाम में तकनीकी अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है।
अन्य प्रमुख नियुक्तियों में प्रभजोत सिंह गांधी को बनी, विक्रांत गंडोत्रा को डीआईक्यूसी जम्मू, उमर मुख्तार और मोहम्मद हनीफ डार को संबंधित विभागों में आगे की तैनाती के लिए भेजा गया है।
इसी क्रम में परविंदर सिंह को गुल रामबन, उमर बशीर डार को बीके पोरा चडूरा, हिमांशु सेठ को तालाब तिल्लो बख्शी नगर और अन्य इंजीनियरों को भी विभिन्न सब डिवीजनों में जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि इन सभी तबादलों और नियुक्तियों का उद्देश्य प्रशासनिक कार्यों में गति लाना और परियोजनाओं को अधिक प्रभावी ढंग से पूरा करना है। सभी अधिकारियों को तुरंत अपने नए कार्यस्थलों पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।