जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में शुक्रवार सुबह भूकंप के हल्के झटकों से लोगों में कुछ देर के लिए दहशत फैल गई। हालांकि, राहत की बात यह है कि इस भूकंप से किसी तरह के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है।

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता 3.5 मापी गई और इसके झटके सुबह 9:57 बजे महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। इसका स्थान 33.289° उत्तर अक्षांश और 76.739° पूर्व देशांतर दर्ज किया गया है।

झटके महसूस होने पर कई लोग घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि स्थिति पूरी तरह सामान्य है और अब तक किसी जान-माल के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है।

स्थानीय प्रशासन ने एहतियात के तौर पर स्थिति पर नजर बनाए रखी है और संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।