बुलंदशहर। हापुड़ जिले के कपूरपुर थाना क्षेत्र के गांव पारपा में जनवरी में हुए बलवीर हत्याकांड की पुरानी रंजिश ने मंगलवार को एक बार फिर खौफनाक मोड़ ले लिया। गुलावठी नगर में बाइक सवार दो हमलावरों ने एक दुकानदार पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान रोहताश पुत्र हरी सिंह निवासी पारपा के रूप में हुई है, जिसने करीब 15 दिन पहले ही गुलावठी में जीटी रोड स्थित गोपाल पेट्रोल पंप के सामने इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान किराए पर शुरू की थी। मंगलवार शाम वह अपनी दुकान में कुर्सी पर बैठा हुआ था, तभी बाइक से आए दो युवक कुछ दूरी पर वाहन खड़ा कर पैदल दुकान तक पहुंचे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों ने करीब से फायरिंग शुरू कर दी। कई राउंड गोली चलने से रोहताश गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ा। एक गोली उसके सिर में और अन्य गोलियां शरीर के अलग-अलग हिस्सों में लगीं। वारदात के बाद हमलावर मौके से भागने लगे।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में रोहताश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हालांकि उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटनास्थल के पास एक गली में घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि एक आरोपी ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि दूसरे ने चेहरे को कपड़े से ढक रखा था। गिरफ्तारी के दौरान गुलावठी इंस्पेक्टर धर्मेंद्र शर्मा घायल हो गए, जिनके दाहिने हाथ में फ्रैक्चर आया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि यह हत्या पुरानी रंजिश का परिणाम है। जनवरी में पारपा गांव में बलवीर की हत्या हुई थी, जिसमें रोहताश पर भी आरोप लगा था। वह 19 जुलाई को जेल गया था और करीब 15 दिन पहले जमानत पर बाहर आया था। रोहताश के खिलाफ गैंगस्टर सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज थे।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि बलवीर के पुत्र पुष्पेंद्र और उसके चचेरे भाई विपिन ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों से अवैध हथियार भी बरामद किए हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सिटी अभिषेक प्रताप, सीओ सिकंदराबाद दीपक कुमार और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। बाद में एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।