श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने ईरान युद्ध को अन्यायपूर्ण और अवैध करार देते हुए इसकी निंदा की है। उन्होंने शुक्रवार को विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे चरण के दौरान कहा कि इस संघर्ष को रोकने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हस्तक्षेप करना चाहिए।
पीएम मोदी से की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी अपने प्रभाव और भारत के मजबूत कूटनीतिक संबंधों का उपयोग करके इस युद्ध को जल्द से जल्द समाप्त करने का प्रयास करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि इससे न केवल भारत को, बल्कि पूरी मानवता को लाभ होगा।
विधानसभा में विरोध
इस दौरान, BJP के विधायकों ने इस बयान का विरोध किया। उनका कहना था कि ईरान संकट एक अंतरराष्ट्रीय मुद्दा है और इसका इस सदन से कोई संबंध नहीं है। वहीं, नेशनल कॉन्फ्रेंस के कई सदस्यों ने संक्षिप्त बयान देने पर जोर दिया।
संवेदना व्यक्त की
सीएम उमर अब्दुल्ला ने कहा, “मैं अपनी और अपने सहयोगियों की ओर से इस अन्यायपूर्ण और अवैध युद्ध की कड़ी निंदा करता हूं। मैं अयातुल्ला अली खामेनेई और उनके सहयोगियों, साथ ही उन सभी लोगों के लिए संवेदना व्यक्त करता हूं, जिन्होंने इस संघर्ष में अपनी जान गंवाई है।”
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री से अपील है कि वे सभी उपलब्ध कूटनीतिक माध्यमों और संबंधों का उपयोग कर इस युद्ध को रोकने की कोशिश करें।