उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के बड़नगर क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां तीन वर्षीय मासूम खुले बोरवेल में गिर गया। घटना झालारिया गांव के पास की है, जहां राजस्थान के पाली जिले से आए कुछ परिवार अस्थायी रूप से डेरा डालकर भेड़ चरा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, प्रवीण देवासी का तीन साल का बेटा भागीरथ खेलते-खेलते खेत में बने करीब 70 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया। परिजनों को जब बच्चा नजर नहीं आया तो तलाश शुरू की गई, जिसके बाद उसके बोरवेल में गिरने का पता चला। तुरंत ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। बताया जा रहा है कि बच्चा लगभग 60 फीट की गहराई पर फंसा हुआ है। उसे सुरक्षित बाहर निकालने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
बड़नगर थाना प्रभारी अशोक पाटीदार ने बताया कि मौके पर एसडीएम, एसडीओपी समेत प्रशासन की पूरी टीम मौजूद है। वहीं उज्जैन कलेक्टर रोशन कुमार सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं।
बच्चे की स्थिति पर नजर रखने के लिए बोरवेल के अंदर कैमरा उतारा गया है और उससे संपर्क स्थापित करने की कोशिश की जा रही है। स्थानीय ग्रामीण भी रेस्क्यू टीम की मदद में जुटे हैं।
घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए हैं। रेस्क्यू टीम बोरवेल के समानांतर गड्ढा खोदकर बच्चे तक पहुंचने की तैयारी कर रही है। फिलहाल बच्चे को सुरक्षित निकालने के लिए अभियान तेजी से जारी है।