इंदौर, महू: सिमरोल थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक हृदयविदारक घटना हुई। इंदौर-खंडवा रोड पर खड़ी एक कार में अचानक आग लग जाने से चार वर्षीय मासूम चिराग झुलसकर मौत के मुंह में समा गया।
घटना का पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक बच्चा चिराग अपने पिता संजय बढ़िया के साथ मौजूद था। संजय कार के बाहर डीजे गाड़ी से संबंधित काम कर रहे थे और चिराग उस समय कार के अंदर बैठा हुआ था।
काम के दौरान ही कार में अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही पल में कार अग्निकुंड में बदल गई। आसपास मौजूद राहगीरों और लोगों ने मदद की कोशिश की और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक मासूम चिराग आग की चपेट में आ चुका था।
प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट को बताया कारण
घटना की सूचना मिलते ही सिमरोल पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी कुलदीप खत्री ने बताया कि टीम के पहुंचने से पहले ही बच्चा दम तोड़ चुका था। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण कार में शॉर्ट सर्किट होना माना जा रहा है।
पुलिस ने पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से घटना की पुष्टि की जा रही है।