मुजफ्फरनगर के मंसूरपुर थाना क्षेत्र में बेगराजपुर स्थित रविदास मंदिर के पुजारी नत्थन की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। शनिवार तड़के पुलिस और आरोपियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो आरोपी अनिकेत और अरुण को गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मंदिर में पुजारी की संदिग्ध मौत से शुरू हुई जांच

10 जून को बेगराजपुर गांव स्थित रविदास मंदिर में पुजारी नत्थन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में मृतक के परिजनों ने गांव के ही अनिकेत और अरुण पर हत्या का आरोप लगाते हुए नामजद तहरीर दी थी, जिसके आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।


पूछताछ में सामने आया विवाद का कारण

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना की रात वे मंदिर परिसर में शराब पी रहे थे। इसी दौरान पुजारी नत्थन ने उन्हें वहां से जाने और शराब पीने से मना किया। इस बात को लेकर विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने पुजारी के साथ मारपीट कर दी, जिससे उनकी मौत हो गई।

चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़

शनिवार तड़के करीब तीन बजे पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी इलाके से फरार होने की कोशिश में हैं। इसके बाद मंसूरपुर पुलिस ने बेगराजपुर अंडरपास के पास चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार दो संदिग्ध दिखाई दिए।

पुलिस द्वारा रोकने का इशारा करने पर आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी और भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दोनों को घायल कर गिरफ्तार कर लिया।


हथियार और बाइक बरामद

घटनास्थल से दो तमंचे, कारतूस, खोखे और बिना नंबर प्लेट की एक बाइक बरामद की गई है। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आगे की कार्रवाई जारी

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ हत्या, पुलिस पर फायरिंग और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और जांच जारी है।