तृतीय केदार तुंगनाथ धाम में इन दिनों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। लगातार बढ़ रही भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए सुगम दर्शन के लिए नई गाइडलाइन जारी की है। अधिकारियों ने सभी यात्रियों से अपील की है कि मंदिर परिसर में दर्शन केवल निर्धारित कतार व्यवस्था के तहत ही करें और दर्शन के बाद बिना रुकावट अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान करें, ताकि भीड़ नियंत्रण में बनी रहे।
इसी बीच मौसम विभाग ने क्षेत्र में खराब मौसम को लेकर चेतावनी जारी की है। भारी बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की संभावना के मद्देनजर प्रशासन ने एहतियातन चंद्रशिला ट्रैक को दोपहर 12 बजे के बाद पूरी तरह बंद करने का निर्णय लिया है।
रुद्रप्रयाग पुलिस ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि कोई भी श्रद्धालु 12 बजे के बाद चंद्रशिला ट्रैक पर जाने का प्रयास न करे। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे मौसम की गंभीरता को समझते हुए पुलिस और स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पूरी तरह पालन करें, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।