भोपाल। हाईप्रोफाइल त्विषा शर्मा मामले में जेल में बंद रिटायर्ड जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरिबाला सिंह के बागमुगालिया एक्सटेंशन स्थित आवास पर शनिवार देर रात चोरी की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना के दौरान पुलिस की गश्त टीम की सतर्कता से बदमाश अपने मंसूबों में पूरी तरह कामयाब नहीं हो सके और मौके से भागते समय कुछ सामान वहीं छोड़ गए।

यह वारदात कटारा हिल्स थाना क्षेत्र के बाग मुगालिया इलाके की है। जानकारी के अनुसार, देर रात चोरों ने घर में सेंध लगाकर अंदर घुसने की कोशिश की। इसी दौरान रात्रि गश्त पर मौजूद पुलिस की चार्ली वाहन टीम ने संदिग्ध गतिविधियां देखीं। पुलिस को आता देख चोर घबराकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए और जल्दबाजी में कुछ जेवरात और अहम दस्तावेज मौके पर ही छोड़ गए।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घर के भीतर गिरिबाला सिंह का बेटा सिद्धार्थ सिंह नीचे वाले कमरे में मौजूद था, जो घटना के समय सो रहा था। चोरों के घर में घुसने के बावजूद अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वे अंदर से क्या-क्या सामान लेकर भागने में सफल रहे।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घर का निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की पहचान के लिए जांच तेज कर दी गई है। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है।

गौरतलब है कि त्विषा शर्मा संदिग्ध मौत मामले में गिरिबाला सिंह और उनके पति समर्थ सिंह पहले से ही न्यायिक हिरासत में हैं। ऐसे में उनके आवास पर हुई इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।