मुंबई के बांद्रा स्थित गरीब नगर इलाके में पश्चिम रेलवे द्वारा बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई है। रेलवे अधिकारियों ने स्टेशन के आसपास बनी अवैध झुग्गियों, दुकानों और एक कथित अनधिकृत धार्मिक ढांचे को ध्वस्त कर दिया। यह पूरी कार्रवाई भारी पुलिस सुरक्षा के बीच अंजाम दी गई, जिसके चलते पूरा क्षेत्र छावनी में तब्दील हो गया।
कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। दूसरे दिन स्थिति और अधिक तनावपूर्ण हो गई जब बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए। विरोध कर रही भीड़ में से कुछ लोगों ने अचानक उपद्रव करते हुए पुलिस और रेलवे अधिकारियों पर पथराव शुरू कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थिति बिगड़ती देख मुंबई पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। पुलिस कार्रवाई के बाद प्रदर्शनकारी वहां से हट गए। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर दी गई है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक ने बताया कि यह कार्रवाई पूरी तरह से उच्च न्यायालय के आदेश के तहत की जा रही है। उन्होंने कहा कि रेलवे केवल न्यायिक निर्देशों का पालन कर रहा है और इस अभियान में पुलिस, स्थानीय प्रशासन और नागरिक निकायों का पूरा सहयोग मिल रहा है।