महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में शनिवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। हिंगोली जिले के कई इलाकों में आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.7 दर्ज की गई। झटकों का असर पड़ोसी जिलों नांदेड़ और परभणी के कुछ हिस्सों में भी महसूस किया गया, जिससे लोगों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया।
अधिकारियों के मुताबिक भूकंप सुबह करीब 8:45 बजे आया। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार इसका केंद्र हिंगोली जिले की वसमत तहसील के शिरली गांव के पास जमीन से लगभग 10 किलोमीटर नीचे स्थित था।
फिलहाल किसी के हताहत होने या बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है। हालांकि हिंगोली जिले के पांगरा शिंदे गांव में कुछ मकानों और एक सामुदायिक भवन में दरारें आने की खबर सामने आई है।
हिंगोली के जिलाधिकारी राहुल गुप्ता ने बताया कि सोशल मीडिया और स्थानीय लोगों के माध्यम से पांगरा शिंदे गांव की कुछ तस्वीरें मिली हैं, जिनमें घरों और कम्युनिटी हॉल की दीवारों में दरारें दिखाई दे रही हैं। प्रशासन की टीमें मौके पर भेजी जा रही हैं ताकि नुकसान का सही आकलन किया जा सके।
भूकंप के झटके नांदेड़ जिले के अर्धापुर, हदगांव और हिमायतनगर क्षेत्रों के साथ-साथ परभणी के कुछ हिस्सों में भी महसूस किए गए। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर राहत और आपातकालीन टीमों को अलर्ट पर रखा है।
स्थानीय प्रशासन ने लोगों से घबराने की बजाय सतर्क रहने और सुरक्षा से जुड़े निर्देशों का पालन करने की अपील की है।