महाराष्ट्र के ठाणे जिले में शुक्रवार देर रात एक पुलिस थाने के परिसर में गोलीबारी की घटना हुई है। गोलीबारी में शिवसेना (एकनाथ शिंदे) गुट के एक स्थानीय नेता के घायल होने की सूचना है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि उल्हासनगर के हिल लाइन पुलिस स्टेशन में रात करीब 10:30 बजे हुई घटना में एक विरोधी गुट का नेता शामिल है। सूत्रों ने कहा कि शिवसेना शिंदे गुट के नेता महेश गायकवाड़ घायल हुए हैं। उन्हें ठाणे शहर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल पुलिस प्राथमिकी दर्ज करने की बात कह रही है।