भोपाल: बहुचर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में जेल में बंद आरोपी पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह की न्यायिक हिरासत एक बार फिर बढ़ा दी गई है। अदालत ने दोनों को 14 दिन और जेल में रखने के आदेश दिए हैं। इस दौरान बचाव पक्ष और अभियोजन दोनों की ओर से जांच से जुड़े कई अहम पहलुओं पर दलीलें पेश की गईं।

अभियोजन पक्ष की ओर से अदालत में बताया गया कि मामले की जांच अभी पूरी नहीं हुई है और कई महत्वपूर्ण साक्ष्य अभी लंबित हैं। खासतौर पर केंद्रीय फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (CFSL) की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जो केस की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकती है। इसके अलावा समर्थ सिंह के लैपटॉप का डेटा भी अभी तक रिकवर नहीं हो सका है, क्योंकि वह पासवर्ड से लॉक बताया जा रहा है।

सीबीआई ने जांच के दौरान सामने आए ऑडियो रिकॉर्ड्स की पुष्टि के लिए दोनों आरोपियों के वॉयस सैंपल लेने की अनुमति अदालत से मांगी है। इस संबंध में दायर आवेदन पर सुनवाई अब 3 जुलाई को होगी, जिसमें अदालत इस पर आगे का निर्णय दे सकती है।

उधर, मामले में एक अलग आवेदन दाखिल करते हुए गिरिबाला सिंह ने अदालत से मांग की है कि मृतका ट्विशा शर्मा के परिजनों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड, बैंक खातों की जानकारी और घटना के समय कार से बरामद चाबी से जुड़ी विस्तृत रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। उनका कहना है कि इन जानकारियों से मामले की सच्चाई सामने आ सकती है।

फिलहाल अदालत ने जांच की प्रगति को देखते हुए दोनों आरोपियों की न्यायिक हिरासत 14 दिन बढ़ाने का आदेश दिया है। मामले की अगली सुनवाई में कई अहम तकनीकी और फॉरेंसिक सबूतों पर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।