महाराष्ट्र: बारामती क्षेत्र में बुधवार सुबह रेडबर्ड कंपनी का एक प्रशिक्षण विमान तकनीकी खराबी के कारण आपात स्थिति में खेत में उतारना पड़ा। यह घटना प्रशिक्षण उड़ान के दौरान हुई, जिसमें प्रशिक्षु पायलट की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।
इंजन फेल होने के बाद इमरजेंसी लैंडिंग
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गोजुबावी गांव के उत्तरी हिस्से के ऊपर उड़ान भरते समय विमान का इंजन अचानक बंद हो गया। यह इलाका मुख्य आवासीय क्षेत्र से करीब 1.5 किलोमीटर दूर बताया जा रहा है। स्थिति को संभालते हुए प्रशिक्षु पायलट ने विमान को पास के गन्ने के खेत में सुरक्षित लैंड कराया।
VIDEO | Trainer aircraft of private company makes crash landing at Baramati in Maharashtra's Pune district; no casualty reported.#Baramati #MaharashtraNews
— Press Trust of India (@PTI_News) May 13, 2026
(Full video available on PTI Videos - https://t.co/n147TvrpG7) pic.twitter.com/xGQqyicVVG
लैंडिंग के दौरान विमान का एक हिस्सा बिजली के खंभे से टकरा गया, जिसके बाद वह जमीन पर गिर गया। घटना सुबह करीब 8:50 बजे की बताई जा रही है।
कोई जनहानि नहीं, पायलट सुरक्षित
पुणे पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल के अनुसार, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि विमान कम ऊंचाई पर उड़ान भर रहा था, तभी तकनीकी खराबी आ गई।
इस हादसे में किसी तरह की जनहानि या चोट की सूचना नहीं है। हालांकि, आपात लैंडिंग के बाद प्रशिक्षु पायलट को सदमे की स्थिति में बताया जा रहा है।
जांच जारी, तकनीकी कारणों की पड़ताल
स्थानीय लोगों और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल विमान में आई तकनीकी खराबी के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन ने पूरी घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
पहले भी हुआ था हादसा
गोजुबावी गांव पहले भी विमान दुर्घटना की घटना को लेकर चर्चा में रहा है, जब एक अन्य विमान इसी क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, जिसमें महाराष्ट्र के तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार भी यात्रा कर रहे थे।
अधिकारियों के मुताबिक, इस मामले में भी इंजन फेल होने और आपात लैंडिंग की परिस्थितियों की गहन जांच की जा रही है।