मुंबई के उत्तर-पूर्वी उपनगर मुलुंड में शनिवार दोपहर निर्माणाधीन मेट्रो परियोजना के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मेट्रो लाइन के एक खंभे का हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिर पड़ा, जिससे वहां खड़े कई वाहन दब गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तीन से चार लोग घायल हुए हैं।
घटना दोपहर करीब 12 बजकर 20 मिनट पर लाल बहादुर शास्त्री मार्ग पर एक निजी औद्योगिक इकाई के सामने हुई। बताया जा रहा है कि निर्माण कार्य के दौरान खंभे से जुड़ा सीमेंट का हिस्सा टूटकर नीचे एक ऑटोरिक्शा पर गिर गया। टक्कर इतनी तेज थी कि रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
सूचना मिलते ही अग्निशमन दल, पुलिस और मेट्रो परियोजना से जुड़े अधिकारी मौके पर पहुंच गए। राहत और बचाव कार्य तत्काल शुरू किया गया तथा घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
नगर निगम प्रशासन ने पुष्टि की है कि निर्माणाधीन खंभे का हिस्सा गिरने से यह दुर्घटना हुई। मौके पर आपातकालीन सेवा दल और एंबुलेंस तैनात हैं। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।