मुंबई के मीरा रोड इलाके में बकरीद से पहले एक हाउसिंग सोसायटी में बकरों को रखने को लेकर विवाद गहरा गया। पूनम एस्टेट क्लस्टर-1 स्थित एक सोसायटी में रविवार को दिनभर चले विवाद के बाद देर रात तक तनाव का माहौल बना रहा। इसी दौरान एक युवक पर ब्लेड से हमला किए जाने की घटना भी सामने आई, जिसके बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया। घटना की शिकायत काशीमीरा पुलिस थाने में दर्ज कराई गई है। एहतियात के तौर पर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, ईद-उल-अजहा के मद्देनजर सोसायटी परिसर में अस्थायी रूप से एक शेड बनाकर करीब 25 बकरे रखे गए थे। बताया जा रहा है कि इन्हें त्योहार तक वहीं रखने की अनुमति दी गई थी। हालांकि, सोसायटी के कुछ निवासियों ने इस पर आपत्ति जताई और आरोप लगाया कि शेड बनाने का फैसला बिना आम सहमति और औपचारिक बैठक के लिया गया।

मामला बढ़ने पर स्थानीय भाजपा पदाधिकारियों, कुछ हिंदू संगठनों और रहिवासियों ने काशीमीरा पुलिस और नगर निगम अधिकारियों से शिकायत की। शिकायत के बाद मनपा की टीम मौके पर पहुंची और अस्थायी शेड को हटाने की कार्रवाई की गई।

हालांकि, शेड हटने के बाद भी बकरे परिसर में मौजूद रहे, जिससे रात में फिर से तनाव की स्थिति बन गई। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच बहस और धक्का-मुक्की की खबरें भी सामने आईं।

विवाद बढ़ने के बाद सोसायटी प्रबंधन की ओर से सफाई दी गई कि परिसर में कुर्बानी की अनुमति नहीं दी गई थी। उनका कहना है कि केवल कुछ दिनों के लिए बकरों को रखने की अस्थायी व्यवस्था की गई थी।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों से बचने की अपील की है।