बकरीद से पहले मुंबई के गोरेगांव इलाके में स्थित गोकुलधाम की सैटेलाइट गार्डन सोसाइटी में कुर्बानी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। जानकारी के मुताबिक, सोसाइटी परिसर में बकरों की कुर्बानी की जो अनुमति पहले दी गई थी, उसे अब वापस ले लिया गया है। प्रशासन की ओर से जारी नए निर्देशों के अनुसार, अब कुर्बानी सोसाइटी परिसर के बजाय अधिकृत स्लॉटर हाउस में ही कराई जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, सोसाइटी में रखे गए बकरों को बुधवार सुबह निर्धारित कत्लखाने ले जाया जाएगा, जहां नियमों के अनुसार कुर्बानी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस बदलाव पर कुछ स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि जब पहले संबंधित विभाग ने सोसाइटी के भीतर बने शेड में अनुमति दे दी थी, तो अंतिम समय में इसे बदलने का कारण स्पष्ट किया जाना चाहिए।
दोनों पक्षों में बढ़ा तनाव
मामले ने उस समय तूल पकड़ लिया जब मीडिया से बातचीत के दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बातचीत के दौरान कुछ लोगों द्वारा कुर्बानी प्रक्रिया को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया और बहस बढ़ गई।
स्थिति बिगड़ती देख मौके पर मौजूद पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप किया और दोनों समूहों को अलग किया। एहतियात के तौर पर कुछ लोगों को वहां से हटाया गया, जिसके बाद हालात पर नियंत्रण पाया गया। फिलहाल क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और लगातार निगरानी रखी जा रही है।
सोसाइटी के बाहर पुलिस की सतर्कता
घटना के बाद गोकुलधाम सैटेलाइट गार्डन सोसाइटी के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अफवाह फैलाने या भड़काऊ बयानबाजी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय पुलिस नियमित गश्त कर रही है ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे।
बकरीद पर मुंबई में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
28 मई को मनाए जाने वाले बकरीद पर्व को देखते हुए मुंबई पुलिस ने पूरे शहर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष योजना लागू की गई है।
जानकारी के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था के तहत 8 अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, 21 पुलिस उपायुक्त, 61 सहायक पुलिस आयुक्त सहित लगभग 1980 अधिकारी और 10,110 पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा एसआरपीएफ, दंगा नियंत्रण बल, क्विक रिस्पांस टीम (QRT), कॉम्बैट यूनिट, डेल्टा फोर्स और होमगार्ड को भी संवेदनशील इलाकों में लगाया जाएगा।
नागरिकों से अपील
मुंबई पुलिस ने लोगों से त्योहार के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। साथ ही नागरिकों से कहा गया है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें। आपात स्थिति में 100 और 112 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।