मुंबई से सटे ठाणे के लोकमान्य नगर इलाके में रहने वाली 23 साल की एक महिला को फेसबुक पर पाकिस्तानी युवक से प्यार हुआ। इसके बाद ऑनलाइन शादी कर महिला पाकिस्तान पहुंच गई और दूसरी शादी रचा ली। तीन महीने पाकिस्तान में रहने के बाद वह वापस लौट आई। इसके बाद ठाणे की वर्तक नगर पुलिस ने उसके खिलाफ फर्जी दस्तावेज बनाने का मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू की है। सनम मूल रूप से उत्तर प्रदेश की निवासी है।

2012 में ही महिला की हो चुकी है पहली शादी
पुलिस ने बताया कि फेसबुक के जरिए महिला की पहचान पाकिस्तान के युवक बशीर खान से हुई। इसके बाद उसने अपना नगमा नाम बदलकर सनम रख लिया है। उसका नाम नगमा नूर मकसूद अली उर्फ सनम खान है। सनम ने बताया कि आठवीं की परीक्षा पास करने के बाद वह अपने गांव चली गई थी। वहां 2012 में उसकी शादी कर दी गई, तब उसकी उम्र केवल 12-13 साल थी। शादी के बाद पति उसे पीटता था। 2013 में उसे एक बेटी हुई। उसके बाद एक और बच्चा हुआ। लेकिन, 2015 में पति से अलग हो गई।

परिवार की रजामंदी से ऑनलाइन हुई थी शादी
पुलिस के मुताबिक, 2021 में फेसबुक के जरिये सनम की मुलाकात बशीर खान से हुई। दोस्ती प्यार में बदली और फिर परिवार की रजामंदी से दोनों ने इस साल फरवरी में ऑनलाइन शादी कर ली। शादी के बाद सनम 27 मई को बाघा बार्डर होते हुए पाकिस्तान चली गई। वहां रावलपिंडी और एटबाबाद में रही और 17 जुलाई को मुंबई वापस लौटी।

फिर पाकिस्तान जाना चाहती है सनम
सनम ने कहा कि वह वापस पाकिस्तान जाना चाहती है। उसने पुलिस जांच पर भी आपत्ति जताई और कहा कि जब वह पाकिस्तान जा रही थी, तब पुलिस को भनक क्यों नहीं लगी। वहीं, ठाणे परिमंडल 5 के पुलिस उपायुक्त अमर सिंह जाधव ने कहा कि नगमा के फर्जी दस्तावेज मामले में कागज पत्रों और नाम बदलने की जांच शुरू चल रही है।