बहराइच। हुजूरपुर थाने में तैनात एक महिला आरक्षी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। सोमवार शाम थाना परिसर स्थित बैरक में उनका शव फंदे से लटका मिला, जिससे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।

मृतका की पहचान ज्योति पासवान (25) के रूप में हुई है, जो महाराजगंज जिले की रहने वाली थीं और 2019 बैच की सिपाही थीं।

ड्यूटी के बाद कमरे में गई थीं आरक्षी

जानकारी के अनुसार, ज्योति पासवान पिछले करीब एक साल से हुजूरपुर थाने में तैनात थीं। सोमवार को उनकी ड्यूटी एक मामले में एक युवती का बयान दर्ज कराने के लिए लगाई गई थी। बयान दर्ज कराने के बाद वह शाम करीब चार बजे थाने लौटीं और आमद दर्ज कराने के बाद अपने कमरे में चली गईं।

दरवाजा नहीं खुला तो टूटा ताला

शाम करीब 6:30 बजे जब बगल में रहने वाली महिला आरक्षी ने कमरे का दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। स्थिति संदिग्ध लगने पर थानाध्यक्ष विपिन सिंह राठौर मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया, जहां अंदर ज्योति पासवान का शव फंदे से लटका मिला।

घटना की सूचना मिलते ही थाने में अफरा-तफरी मच गई और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

सुसाइड नोट नहीं मिला, जांच जारी

पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। मोबाइल फोन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

हाल ही में तय हुई थी शादी

परिजनों के अनुसार, मृतका की हाल ही में शादी तय हुई थी, जिससे घटना को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।