पुणे। चर्चित पोर्शे एक्सीडेंट केस में जमानत पर बाहर आए आरोपी शामिल अग्रवाल एक बार फिर विवादों के केंद्र में आ गए हैं। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो ने नए सिरे से बहस छेड़ दी है, जिसमें वह अपने परिवार के साथ पार्टी करते नजर आ रहे हैं।
वायरल वीडियो में आरोपी गले में नोटों की माला पहने हुए डांस करता दिखाई दे रहा है। बैकग्राउंड में तेज आवाज में एक गाना बज रहा है और वह उसी पर थिरकता नजर आता है। वीडियो में उसके पिता विशाल अग्रवाल, मां और अन्य परिजन भी मौजूद हैं और सभी साथ में जश्न मनाते दिख रहे हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।
गौरतलब है कि विशाल अग्रवाल और उनकी पत्नी पर पहले अपने नाबालिग बेटे से जुड़े मामले में सबूतों से छेड़छाड़ और ड्राइवर पर दबाव बनाने जैसे गंभीर आरोप लग चुके हैं।
यह पूरा मामला मई 2024 का है, जब पुणे के कल्याणी नगर इलाके में कथित तौर पर नाबालिग द्वारा नशे की हालत में पोर्श कार चलाते हुए दो इंजीनियरों—अनीश अवधिया और अश्विनी कोस्टा—को टक्कर मार दी गई थी, जिसमें दोनों की मौत हो गई थी।
घटना के बाद आरोपी को जुवेनाइल बोर्ड ने 15 घंटे के भीतर जमानत दे दी थी, जिस पर देशभर में भारी आक्रोश देखने को मिला था। बाद में उसे ऑब्जर्वेशन होम भेजा गया था।
सुप्रीम कोर्ट ने 10 मार्च को मामले में सुनवाई करते हुए विशाल अग्रवाल को जमानत दी थी। अदालत ने यह भी शर्त रखी थी कि वह किसी भी गवाह से संपर्क नहीं करेंगे। जस्टिस बी.वी. नागरत्ना और जस्टिस उज्ज्वल भुइयां की पीठ ने माना था कि आरोपी लंबे समय से हिरासत में है और जमानत योग्य है।
फिलहाल, वायरल वीडियो के बाद एक बार फिर इस केस को लेकर सार्वजनिक बहस तेज हो गई है और लोग आरोपी के व्यवहार पर सवाल उठा रहे हैं।