कांग्रेस नेताओं द्वारा अब राहुल गांधी की राम से तुलना का चलन बढ़ गया है। राजस्थान के मंत्री परसादी लाल मीणा के बाद अब महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि राहुल गांधी के नाम और राम के नाम में ‘आर’ शब्द की समानता है। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा पर निशाना भी साधा।
पटोले ने कहा कि राम व राहुल के नाम में ‘आर’ होना एक संयोग है, लेकिन हम भगवान राम की तुलना राहुल गांधी से नहीं कर रहे हैं। भाजपा अपने नेताओं के लिए ऐसा करती है। राहुल गांधी एक इंसान हैं और वे मानवता के लिए काम कर रहे हैं, देश के लिए काम कर रहे हैं।
राम से ज्यादा पैदल चलेंगे राहुल : मीणा
पटोले से पहले राजस्थान की गहलोत सरकार के चिकित्सा मंत्री परसादी लाल मीणा ने राहुल गांधी की तुलना भगवान राम से की थी। मीणा ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा ऐतिहासिक होगी। राहुल गांधी भगवान राम से भी ज्यादा पैदल चलेंगे। मीणा ने कहा कि भगवान राम भी अयोध्या से श्रीलंका तक पैदल गए थे, राहुल गांधी की यात्रा उनसे भी लंबी होकर कन्याकुमारी से कश्मीर तक जाएगी। देश को बदलने के लिए यह यात्रा निकाली जा रही है। देश में सांप्रदायिकता है, जो माहौल है उसे चेंज करने के लिए यह ऐतिहासिक होगी। ऐसी यात्रा पर न कोई गया न कोई जाएगा।