ठाणे। किडनी प्रत्यारोपण के लिए मुंबई जा रही जलगांव निवासी एक महिला की उड़ान छूट जाने के बाद उसकी मदद के लिए महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे सामने आए। उन्होंने महिला को अपने चार्टर्ड विमान से मुंबई पहुंचाया, जिससे वह समय पर इलाज के लिए अस्पताल पहुंच सके।

शिंदे शुक्रवार को मुक्ताईनगर (जलगांव) में संत मुक्ताबाई पालकी प्रस्थान समारोह में शामिल होने के बाद मुंबई लौट रहे थे। इसी दौरान शीतल बोर्डे नामक महिला एयरपोर्ट पहुंची, लेकिन उसकी निर्धारित फ्लाइट निकल चुकी थी।

महिला ने एयरपोर्ट अधिकारियों को अपनी स्थिति से अवगत कराया, जिसके बाद उन्होंने राज्य मंत्री गिरीश महाजन से संपर्क किया। महाजन ने उपमुख्यमंत्री शिंदे को इस बारे में जानकारी दी। शिंदे ने तुरंत मदद करते हुए महिला और उसके पति को अपने विमान में जगह दी और मुंबई तक की यात्रा करवाई।

सफर के दौरान शिंदे ने महिला से उसकी स्वास्थ्य स्थिति और इलाज के बारे में जानकारी ली। मुंबई पहुंचते ही उन्होंने तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था करवाई और सुनिश्चित किया कि महिला को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

हालांकि, उपमुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, महिला की सर्जरी नहीं हो सकी क्योंकि डोनर की किडनी उपयुक्त नहीं पाई गई।