अहमदाबाद। गुरुवार को अहमदाबाद से उड़ान भरते ही एयर इंडिया का एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस भयावह हादसे में जहां कई लोगों के हताहत होने की आशंका है, वहीं एक यात्री चमत्कारिक रूप से जीवित बच गया। अहमदाबाद के पुलिस आयुक्त जी.एस. मलिक ने एएनआई को जानकारी दी कि विमान की सीट 11A पर एक व्यक्ति जीवित मिला, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि मृतकों की संख्या अभी स्पष्ट नहीं है और बढ़ने की आशंका है, क्योंकि विमान रिहायशी इलाके में गिरा था।

बचने वाले यात्री का नाम विश्वाश कुमार रमेश है, जिनकी उम्र 40 वर्ष है। वह इस समय अहमदाबाद के असरवा स्थित सिविल अस्पताल में इलाजरत हैं। उनके सीने, आंख और पैरों में चोटें आई हैं। विश्वाश ने बताया कि उड़ान भरने के तीस सेकंड बाद ही एक जोरदार धमाका हुआ और विमान जमीन से टकरा गया।

“जब होश आया, तो चारों ओर बिखरे थे शव”

लंदन के गैटविक एयरपोर्ट के लिए रवाना हुआ यह बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान दोपहर 1:39 बजे अहमदाबाद से उड़ा था। इसमें चालक दल समेत कुल 242 लोग सवार थे। एयर इंडिया के अनुसार इनमें 169 यात्री भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और 1 कनाडाई नागरिक शामिल थे। उड़ान भरने के कुछ मिनटों के भीतर विमान हादसे का शिकार हो गया और उसमें आग लग गई।

विश्वाश ने बताया, “जब मुझे होश आया तो मेरे चारों तरफ लाशें थीं। मैं डर गया। किसी तरह उठकर भागा। मलबे के बीच से मुझे किसी ने पकड़ा और एम्बुलेंस में अस्पताल ले आया।”

परिवार से मिलने भारत आए थे विश्वाश

विश्वाश पिछले 20 वर्षों से लंदन में रह रहे हैं। कुछ दिनों के लिए वह अपने परिवार से मिलने भारत आए थे और अपने भाई अजय कुमार रमेश (45) के साथ यूके लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि उनके भाई विमान में किसी दूसरी पंक्ति में बैठे थे। भावुक होते हुए उन्होंने कहा, “वह मेरे साथ ही यात्रा कर रहे थे लेकिन अब उनका कुछ पता नहीं चल पा रहा है। कृपया उन्हें ढूंढने में मदद करें।”

अस्पताल में अपनों की तलाश

हादसे के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल रहा। एयर इंडिया के विमान में सवार लोगों के परिजन अपने प्रियजनों को खोजते नजर आए। मलबे और आग के बीच से किसी के बचने की खबर ने कुछ उम्मीद जरूर जगाई, लेकिन बाकी यात्रियों के बारे में स्थिति अब भी अनिश्चित बनी हुई है।