आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता और बीसी सैल दोआबा जोन इंचार्ज दलजीत राजू को एक बार फिर से गैंगस्टरों की ओर से जान से मारने की धमकी मिली है। इस बार धमकी पहले फोन कॉल और बाद में व्हाट्सएप मैसेज के माध्यम से दी गई।
यह पहली बार नहीं है जब दलजीत राजू को धमकी मिली है। पहले 17 जनवरी को भी उन्हें धमकी वाले वॉइस मैसेज प्राप्त हुए थे। इस बार भेजे गए मैसेज में लिखा गया है कि “अब सब काम छोड़कर तेरे पीछे हूं, तेरे घर में किसी का भी नुकसान करूंगा, तेरे बारे में सबकुछ पता है, अब वेट नहीं करूंगा, नुकसान ही करूंगा। कफन तैयार रख।”
पिछली हमलों का सिलसिला
26-27 नवंबर 2025 की रात को फगवाड़ा के गांव दरवेश पिंड में ‘युद्ध नशे विरुद्ध’ कार्यक्रम के कोऑर्डिनेटर और आप नेता दलजीत राजू के घर अज्ञात हमलावरों ने 20–25 राउंड गोलियां दागी थीं। इसके बाद 12 जनवरी को एसएसपी कपूरथला गौरव तूरा ने कहा था कि हमलावरों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बावजूद इसके, धमकियों का सिलसिला रुक नहीं पाया।
धमकी यूके नंबर से
दलजीत राजू को धमकी देने वाले संदेश यूनाइटेड किंगडम (यूके) के +447547362168 नंबर से रात 9:16 बजे से 9:31 बजे तक कई बार कॉल और मैसेज भेजे गए। यह सवाल उठता है कि क्या पंजाब पुलिस का साइबर सेल अभी तक यह पता नहीं लगा पाया कि ये मैसेज किसने और कहाँ से भेजे हैं।
आम जनता में दहशत
फगवाड़ा के लोग इस घटना से भयभीत हैं। उनका सवाल यही है कि जब आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता भी सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिक अपनी सुरक्षा के लिए किस पर भरोसा करें।