जालंधर। काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर और एसएसओसी अमृतसर की संयुक्त टीम ने केंद्रीय एजेंसी के सहयोग से विदेशी गैंगस्टरों से जुड़े एक हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से तीन विदेशी निर्मित अत्याधुनिक पिस्तौल और बड़ी मात्रा में कारतूस बरामद किए गए हैं।
एआईजी काउंटर इंटेलिजेंस नवजोत सिंह माहल ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बटाला के गांव वड्डा ठेठरके निवासी अनमोल सिंह उर्फ मोहला, शाहपुर जाजन निवासी जगरूप सिंह उर्फ रूपा और अमृतसर के गेट हकीमां क्षेत्र निवासी मोहित कुमार उर्फ जोबन के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले की गई एक अन्य कार्रवाई में जालंधर से एक आरोपी को एके-47 राइफल और 26 अत्याधुनिक हथियारों के साथ पकड़ा गया था। उसी पूछताछ के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों तक पुलिस पहुंची और यह गिरफ्तारी संभव हो सकी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे गैंगस्टरों के सीधे संपर्क में थे और उनके इशारों पर पंजाब में अवैध हथियारों की सप्लाई, गैंगवार और फिरौती जैसी गतिविधियों को अंजाम देने में शामिल थे।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ी से कड़ी जोड़ने में जुटी है और आरोपियों के अन्य साथियों, सप्लाई चैन और विदेशी संपर्कों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस मॉड्यूल से जुड़े और नाम सामने आ सकते हैं।
एआईजी सुखमिंदर सिंह मान ने बताया कि यह कार्रवाई खुफिया इनपुट के आधार पर योजनाबद्ध तरीके से की गई। टीमों ने निगरानी के बाद तीनों आरोपियों को दबोच लिया।
जांच में यह भी सामने आया है कि अनमोल सिंह और मोहित कुमार का नाम पहले भी गंभीर आपराधिक मामलों में आ चुका है, जिनमें हत्या और हत्या के प्रयास जैसे केस शामिल हैं। पुलिस अब उनके पूरे आपराधिक रिकॉर्ड और विदेशी नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।