जालंधर और मोगा में तीन-तीन स्कूलों, विधानसभा और डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिलने का मामला सामने आया है। यह धमकी कथित तौर पर खालिस्तानी समर्थकों की ओर से भेजी गई बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं और जांच शुरू कर दी गई है।
जालंधर में स्कूल और ट्रेन पर खतरा
सूचना के अनुसार, जालंधर के एपीजे स्कूल, दिल्ली पब्लिक स्कूल और एक अन्य निजी स्कूल को धमकी भरे ईमेल भेजे गए। ईमेल में चेतावनी दी गई कि जालंधर के ये स्कूल, विधानसभा और दिल्ली जाने वाली एक ट्रेन भी निशाने पर हो सकती हैं। इसके बाद स्कूल प्रशासन ने तत्काल पुलिस को सूचित किया। एडीसीपी आकर्षि जैन ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
धमकी भरे ईमेल में यह भी कहा गया कि जिले में डॉ. भीमराव अंबेडकर की सभी प्रतिमाएं 14 अप्रैल तक हटा दी जाएं। यदि ऐसा नहीं किया गया तो उन्हें बम से उड़ाने की कार्रवाई की जाएगी।
मोगा में सरकारी स्कूलों को भी धमकी
मोगा जिले के तीन सरकारी स्कूल – गोथेयाला, उगोके और झंडियाना – को भी इसी तरह का धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ। गोथेयाला स्कूल के शिक्षक जतिन गोयल ने बताया कि स्कूल में नौवीं कक्षा के पेपर चल रहे थे, लेकिन सुरक्षा कारणों से परीक्षा रद्द कर दी गई और छात्रों को सुरक्षित रूप से घर भेजा गया।
पुलिस ने बम निरोधक दस्ते को मौके पर भेजकर स्कूल परिसर और आसपास की जांच की। साइबर सेल भी ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।
सुरक्षा में कड़े कदम
पुलिस अधिकारियों ने स्कूल प्रशासन को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की तुरंत सूचना देने के निर्देश दिए हैं। सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुटी हैं और स्कूलों के आसपास सतत निगरानी रखी जा रही है।