जालंधर: किशनगढ़–करतारपुर रोड पर गांव फरीदपुर बस स्टॉप के नजदीक दिन के समय लूट की वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। कपूरथला की रहने वाली ज्योति रानी एक्टिवा पर सवार होकर दुगरी गांव में रिश्तेदारों से मिलने जा रही थीं, तभी मोटरसाइकिल पर आए दो युवकों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया।
संदेह होने पर ज्योति रानी ने फरीदपुर स्टॉप पर वाहन रोक दिया और पास की एक दुकान की ओर बढ़ीं। इसी दौरान एक आरोपी दुकान के अंदर घुसा और उनका पर्स छीनने लगा। विरोध करने पर बदमाश ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। जख्मी होने के बावजूद महिला ने साहस दिखाते हुए आरोपियों की बाइक पकड़ने की कोशिश की, लेकिन हथियार लहराते हुए दोनों युवक पर्स लेकर फरार हो गए।
बताया गया है कि पर्स में करीब 20 हजार रुपये की विदेशी मुद्रा, पासपोर्ट और अन्य जरूरी दस्तावेज रखे थे। घटना के समय आसपास मौजूद लोग मदद के बजाय तमाशबीन बने रहे, जिससे पीड़िता को निराशा हुई।
पुलिस चौकी किशनगढ़ के प्रभारी एएसआई राजेंद्र शर्मा ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। संदिग्धों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।