खन्ना। खन्ना पुलिस ने एक बड़े साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दिल्ली की कथित सरगना सहित नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई विभिन्न ऑनलाइन धोखाधड़ी मामलों की जांच के दौरान हुई।
जांच में सामने आया कि ऑनलाइन ठगी का यह नेटवर्क अब तक 200 से अधिक लोगों को निशाना बना चुका है और 78 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी कर चुका है। रोज नए पीड़ितों की शिकायतें मिल रही हैं।
एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया के अनुसार, 2 सितंबर 2025 को नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से खन्ना जिले में दर्ज 53 म्यूल खातों से संबंधित शिकायतें मिलीं। जांच में पता चला कि इन खातों के जरिए 43 लाख 54 हजार 771 रुपये की धोखाधड़ी की गई थी। सात खातों की गहन जांच के बाद नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि पूरे नेटवर्क में कुल 31 बैंक खातों का इस्तेमाल हुआ और देशभर में इसके खिलाफ 200 से ज्यादा शिकायतें दर्ज हैं।
सबसे पहले सोनू कुमार (लुधियाना) को पकड़ा गया। इसके बाद खन्ना निवासी सुरिंदरपाल सिंह, मंडी गोबिंदगढ़ निवासी विक्की प्रसाद, लुधियाना निवासी राजन और जोधपुर के सिक्योरिटी गार्ड गोपाल को गिरफ्तार किया गया। गोपाल से पूछताछ में दिल्ली निवासी आलिया अहमद के नेटवर्क का खुलासा हुआ। बाद में वर्धमान (पश्चिम बंगाल) निवासी सुमित कुमार झा, खन्ना निवासी मलन राय उर्फ सोनू और मंडी गोबिंदगढ़ के रामधन को भी हिरासत में लिया गया। आरोपियों ने केवल बैंक खाते, सिम कार्ड और धन निकालने का काम किया, जबकि नेटवर्क का संचालन दुबई से किया जा रहा था। जांच बाकी खातों की अभी भी जारी है।
आरोपियों के खातों में जमा रकम
-
सोनू कुमार: 3.30 करोड़ रुपये, 7 शिकायतें
-
सुरिंदरपाल सिंह: 7.41 लाख रुपये, 5 शिकायतें
-
राजन: 16.92 करोड़ रुपये, 27 शिकायतें
-
आलिया अहमद: 41.74 करोड़ रुपये, 129 शिकायतें
-
सुमित कुमार झा: 16 करोड़ रुपये से अधिक, 32 शिकायतें
खन्ना पुलिस ने बताया कि यह गिरोह उच्च स्तर पर संगठित था और अब तक किए गए अधिकांश लेनदेन की जांच की जा रही है।