लुधियाना। मॉडल टाउन एक्सटेंशन में रहने वाली एक महिला ने अपने पति और ससुराल वालों पर लगातार मानसिक, शारीरिक और आर्थिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। महिला का दावा है कि उसके पति ने दहेज के लिए उसे परेशान करने के साथ-साथ बाथरूम से बाहर खींचकर उसका न्यूड वीडियो बना लिया। आरोपी पति ने इस वीडियो का इस्तेमाल उसे ब्लैकमेल करने और अमानवीय व्यवहार करने के लिए किया।

पीड़िता ने परिवार के माध्यम से इसकी शिकायत थाना सराभा नगर पुलिस को की। पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद आरोपों को गंभीर पाया और महिला की रिपोर्ट पर उसके पति राहुल बावा, पिता गुलशन बावा और मां मंजू बावा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

शादी से पहले 'कुछ नहीं चाहिए' थी मांग

महिला का कहना है कि तीन साल पहले उसकी शादी सन व्यू इलाके के व्यापारी गुलशन बावा के बेटे राहुल बावा से हुई थी। शुरू में ससुराल पक्ष ने शादी में किसी अतिरिक्त मांग से इनकार किया था, लेकिन रोका सेरेमनी के बाद उनकी मांगें बढ़ गईं। शादी के लिए प्रॉपर्टी के कागजात, ऑडी क्यू-8 कार, सोने और डायमंड के जेवरात आदि उपलब्ध कराए गए, बावजूद इसके ससुराल की लालसा कम नहीं हुई।

ब्लैकमेल और अमानवीय व्यवहार

पीड़िता ने बताया कि एक दिन बाथरूम में नहाते समय उसके पति ने उसे जबरन बाहर खींचा और उसका वीडियो बनाया। इसके बाद पति ने धमकी दी कि वीडियो वायरल कर दिया जाएगा यदि उसने उनकी बात न मानी। महिला ने आरोप लगाया कि उसे जमीन पर नाक रगड़ने जैसी अपमानजनक हरकतें करने और प्रॉपर्टी के दस्तावेज़ पर हस्ताक्षर करने के लिए मजबूर किया गया।

बेवफाई का खुलासा

महिला के भाई ने मनाली यात्रा के दौरान आरोपी पति को किसी अन्य लड़की के साथ देखा। घर लौटने पर महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और घर से निकाल दिया।

पुलिस कार्रवाई

पीड़िता अपने मायके पहुंची और 18 फरवरी को पुलिस को शिकायत सौंपी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर गुलजिंदर पाल सिंह ने बताया कि जांच जारी है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।