डुलयानी में करीब 31 वर्षीय विवाहिता ज्योति की हत्या का मामला सामने आया है। मृतका के पिता ने अपने बेटी के पति, सास, ससुर, ननंद और देवर पर आरोप लगाया है कि उन्होंने उसकी बेटी को पीट-पीटकर मार डाला।

घटना की पृष्ठभूमि

शिकायत के अनुसार, ज्योति की शादी लगभग 10 साल पहले डुलयानी के सुरजीत से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष लगातार दहेज की मांग कर उसे प्रताड़ित कर रहा था। कई बार ससुराल और परिजनों के बीच पंचायत हुई, लेकिन मारपीट और मानसिक प्रताड़ना जारी रही।

2 फरवरी को मृतका के पिता को सूचना मिली कि उनकी बेटी के साथ ससुराल पक्ष ने मारपीट की है। जब वे मौके पर पहुंचे, तो ज्योति गंभीर हालत में चारपाई के नीचे पड़ी हुई थी। उन्हें तत्काल कैथल नागरिक अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान ज्योति की मौत हो गई। पिता ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मृतका के दो बच्चे हैं, एक बेटी और एक बेटा।

पुलिस की कार्रवाई

डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेजा। डॉक्टरों की टीम द्वारा पोस्टमार्टम पूरा किया गया। पुलिस ने ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ हत्या के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।