चंडीगढ़। पंजाब के वरिष्ठ नेता और पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू एक बार फिर अपने शायराना अंदाज़ की वजह से सुर्खियों में हैं। सिद्धू ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक फोटो शेयर की और अपने विरोधियों पर तीखा तंज कसा। उन्होंने लिखा कि जो लोग उनकी कमियां निकालने में लगे हैं, उन्हें पहले अपने हालात पर नजर डालनी चाहिए।

सिद्धू ने अपनी स्टोरी में लिखा:
"वो एक समंदर खंगालने में लगे हुए हैं, हमारी कमियां निकालने में लगे हुए हैं... जिनकी अपनी लंगोटियां तक फटी हुई हैं, वो हमारी पगड़ी उछालने में लगे हुए हैं, ओ जाओ यार..."

संदेश क्या है?
सिद्धू की यह शायरी उनके राजनीतिक और व्यक्तिगत संदेश का प्रतीक है। उन्होंने उन लोगों को निशाना बनाया है जो उनके कामों में कमियां तलाश रहे हैं, जबकि खुद उनकी हालत पूरी तरह ठीक नहीं है। 'लंगोट्टियां फटी हुई' का मुहावरा इसका प्रतीक है कि सामने वाले की अपनी स्थिति कमजोर है, फिर भी वह दूसरों की आलोचना करने में लगा हुआ है।

पार्टी और परिवार का हाल
सिद्धू का यह पोस्ट ऐसे समय में आया है जब वे राजनीतिक विवादों और आलोचना के केंद्र में हैं। कुछ दिनों पहले उनकी पत्नी नवजोत कौर सिद्धू को कांग्रेस से बाहर किया गया था। इस फैसले की पुष्टि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अमृतसर में मीडिया से बातचीत के दौरान की थी। वहीं, विवादों के चलते सिद्धू पहले ही कांग्रेस से अलग हो चुके हैं।