जम्मू-पठानकोट नेशनल हाईवे पर वीरवार-शुक्रवार की रात दो बसों के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें एक कंडक्टर की मौत हो गई और कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जबकि घायल यात्रियों को स्थानीय पुलिस की मदद से पास के प्राइवेट अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
पुलिस थाना सुजानपुर के इंस्पेक्टर मोहित टाक ने बताया कि दोनों बसें जम्मू-कश्मीर से मलिकपुर की ओर जा रही थीं। माधोपुर के पास उनकी आपस में टक्कर इतनी भयंकर थी कि बसों के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में बस का एक कंडक्टर मौके पर ही मृत हो गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि रात करीब दो बजे तेज बारिश के चलते यह हादसा हुआ। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।