शहर में कल हुई झमाझम बारिश से जलभराव के कारण आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इसी को लेकर आज अजमेर जिला प्रशासन के अधिकारियों ने जलभराव वाले इलाकों का दौरा किया और संबंधितों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अजमेर संभाग के आयुक्त महेशचंद्र शर्मा ने बताया कि आज हमने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ शहर के जलभराव वाले वैशाली नगर, पुष्कर रोड, रामनगर, रीजनल चौपाटी, सूचना केंद्र चौराहा, जयपुर रोड सहित कई इलाकों का दौरा किया है। शर्मा ने बताया कि पानी की निकासी के लिए कोशिश की जा रही है कि जल्द से जल्द पानी को निकाला जाए। सुरक्षा की दृष्टि से भी हमने मैन पॉवर डिप्यूट की है, इसके लिए पुलिस से प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे वॉलिंटियरों को तैयार रखें। 

उन्होंने आमजन से जलभराव वाले क्षेत्रों में बाहर नहीं जाने और सावधानी रखने की अपील की है ।वहीं अजमेर रेंज डीआईजी ओमप्रकाश ने बताया कि जहां पर रपट वाले क्षेत्र हैं, वहां पर चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और जिन जगहों पर भूस्खलन जैसी समस्या हो, वहां पर सिविल डिफेंस, एसडीआरएफ को अलर्ट रहने के लिए निर्देशित किया गया है। इस दौरान अजमेर संभागीय आयुक्त महेश चंद्र शर्मा, डीआईजी अजमेर रेंज ओमप्रकाश, कार्यवाहक जिला कलेक्टर गजेंद्रसिंह राठौड़, नगर निगम आयुक्त  के साथ ही जिला पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार बिश्नोई भी मौजूद रहे।