सपा प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में किसान संकट में हैं और आलू उत्पादकों को उनकी फसल का उचित मूल्य नहीं मिल रहा। उन्होंने आगरा, फर्रुखाबाद, मैनपुरी, इटावा और एटा सहित कई जिलों में किसानों के भारी नुकसान की बात कही।
किसानों की चिंता और फसल की हालात
अखिलेश यादव ने बताया कि कई किसान आलू की खुदाई तक नहीं करवा पाए और मजबूरी में ट्रैक्टर से ही फसल जोत दी गई। उनका कहना था कि सरकार ने आलू खरीद का वादा किया था, लेकिन अब तक यह स्पष्ट नहीं किया कि इसके लिए कितना बजट तय किया गया।
निवेश और रोजगार पर सवाल
गोमती नगर स्थित लोहिया पार्क में डॉ. राम मनोहर लोहिया की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने निवेश को लेकर भी सवाल उठाए। अखिलेश ने कहा कि एमओयू के जरिए हुए निवेश में कितनी राशि जमीन पर उतरी, किस औद्योगिक नीति के तहत निवेश आया और कितने लोगों को रोजगार मिला, इसका जवाब सरकार दें।
महंगाई, रसोई गैस और कानून-व्यवस्था
महंगाई और रसोई गैस संकट पर उन्होंने कहा कि एलपीजी सिलेंडर के लिए लंबी कतारें लग रही हैं और छोटे कारोबार प्रभावित हो रहे हैं। कानून-व्यवस्था पर टिप्पणी करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में अपराध बढ़ रहा है और दोषियों को बचाया जा रहा है, जिससे सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।