जिले के भींडर कस्बे में रविवार रात चौबीसा ब्राह्मण समाज के सामूहिक भोज कार्यक्रम के दौरान व्रत का खाना खाने के बाद 130 लोग अस्वस्थ हो गए, जिनका उपचार कस्बे के ग़ुलाबसिंह शक्तावत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। एक महिला की तबियत अधिक बिगड़ जाने पर उसे उदयपुर के महाराणा भूपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार भींडर के चौबीसा ब्राह्मण समाज ने रविवार को एकादशी के अवसर पर सामूहिक उद्यापन का आयोजन रखा था। समाज के जिन लोगों का उपवास था, उन्हें फलाहार के रूप में सावा की खिचड़ी खिलाई गई थी। समाज के लोगों का मानना है कि जिन लोगों ने खिचड़ी खाई केवल उन्हीं की तबीयत बिगड़ी है, जिन लोगों का उपवास नहीं था उनकी तबीयत ठीक रही। पूर्व विधायक रणधीर सिंह भींडर, पूर्व विधायक प्रीति शक्तावत, पुलिस अधिकारी और चिकित्सा एवम स्वास्थ्य अधिकारी भींडर अस्पताल पहुंचे। घटना स्थल से भोजन और फलाहार सामग्री के नमूने लिए गए हैं, जिनकी फोरेंसिक लैब में जांच कराई जाएगी।