भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ने गरीब परिवारों को ईद से पहले वितरित की ‘सौगात ए मोदी’ किट

अजमेर में ईद के शुभ अवसर पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा द्वारा जरूरतमंद परिवारों को ‘सौगात-ए-मोदी’ किट वितरित की गई। इस आयोजन का उद्देश्य गरीब परिवारों को ईद की खुशियों में शामिल करना था। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी के निर्देशन में यह अभियान पूरे देश में संचालित किया जा रहा है, जिसमें अजमेर भी सहभागी बना।

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा सूफी संवाद महाअभियान के राष्ट्रीय सह प्रभारी सैयद अफशान चिश्ती ने बताया कि इस वितरण कार्यक्रम के तहत 251 गरीब परिवारों को किट प्रदान की गई। इस विशेष किट में सिवैयां, ड्राई फ्रूट्स, चावल, आटा, तेल और दाल जैसी आवश्यक खाद्य सामग्री शामिल है। 

चिश्ती ने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों और जरूरतमंदों तक पहुंचने के लिए विभिन्न योजनाओं और अभियानों के माध्यम से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा, भारत एक परिवार है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस परिवार के मुखिया की तरह सभी का ध्यान रखते हैं। ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ की नीति के तहत सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि भाजपा संगठन एवं सरकार के सहयोग से समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, ताकि अंतिम व्यक्ति तक राहत सामग्री पहुंचाई जा सके। इस अभियान में भाजपा कार्यकर्ताओं और भामाशाहों का भी सहयोग लिया गया, जिसमें चिश्ती फाउंडेशन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

ये रहे मौजूद
इस वितरण कार्यक्रम में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा अजमेर शहर के अध्यक्ष शफीक खान, सूफी संवाद अजमेर प्रभारी सैयद महराज चिश्ती, मंत्री शहजाद खान, अलीम शेख, सैयद सादिक अली, तेजपाल साहनी, इमरान खान सहित कई भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मुस्लिम महिलाओं और गरीब परिवारों में उत्साह देखने को मिला। ईद से पहले इस तरह की सहायता पाकर लोग बेहद खुश नजर आए और उन्होंने भाजपा सरकार का आभार व्यक्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here