देहरादून। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से नौ साल तक संभाले गए स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी हटा दी गई है। अब उन्हें विद्यालयी शिक्षा, उच्च और तकनीकी शिक्षा, संस्कृत शिक्षा के साथ सहकारिता विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

त्रिवेंद्र सरकार में 2017 से डॉ. रावत के पास शिक्षा के साथ ही स्वास्थ्य विभाग का कार्यभार था। धामी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार के दौरान यह बदलाव किया गया।

डॉ. रावत ने स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े सुधार किए

डॉ. रावत इन दिनों पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं। उन्होंने बताया कि नौ साल के कार्यकाल में स्वास्थ्य क्षेत्र में बुनियादी ढांचे का विस्तार किया गया और डॉक्टरों, विशेषज्ञ चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों की नियुक्तियां की गईं। विभाग में 10 हजार से अधिक पदों पर नियुक्तियां पूरी की गई हैं।

डॉ. रावत ने कहा कि दुर्गम क्षेत्रों में लोगों को बेहतरीन स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए हरसंभव प्रयास किए गए हैं।