आजादी के 78वें वर्ष पूरे होने की खुशी में देश भर में उत्साह का माहौल है। 78वें स्वतंत्रता दिवस के मौके प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर सीएम हाउस ध्वजारोहण किया। इसके बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 78वें स्वतंत्रता दिवस पर परम्परा के तहत जयपुर के परकोटे में स्थित बड़ी चौपड़ पर आयोजित कार्यक्रम में झंडारोहण किया। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष के नाते टीकाराम जूली ने भी बड़ी चौपड़ पर झंडारोहण किया।

परंपरा रही है कि जयपुर में सत्ता पक्ष की ओर से हर साल बड़ी चौपड़ पर विशेष आयोजन करक स्वतंत्रता दिवस पर झंडारोहण किया जाता है। आज मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के साथ बीजेपी के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, जयपुर ग्रेटर मेयर सौम्या गुर्जर, विधायक हवामहल बाल मुकुंदाचार्य समेत बीजेपी के कई पूर्व पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इसके बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 78वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में ध्वजारोहण किया।

बारिश के बीच हो रहे राज्य स्तरीय समारोह सीएम ने परेड का निरीक्षण भी किया। इस कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित भी किया गया।

मंत्री की हैसियत से किरोड़ी ने किया ध्वजारोहण
डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने मंत्री की हैसियत से सवाई माधोपुर में ध्वजारोहण किया। प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर प्रभारी मंत्री व विधायक कार्यक्रमों में शामिल हुए। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने दौसा में ध्वजारोहण किया और परेड का निरीक्षण किया।

राजस्थान विधानसभा में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने ध्वजारोहण किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने राजस्थान कांग्रेस मुख्यालय (पीसीसी) पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करते हुए झंडारोहण किया। इस मौके पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और सेना पर बयान दिया।

डोटासरा बोले मोदी ने सेना को कमजोर करने का काम किया
झंडारोहण के बाद डोटासरा ने मीडिया से बात करते हुए संविधान और अग्निवीर जैसे मुद्दे उठाए। उन्होंने  कहा-हमारा ये देश संविधान के मुताबिक चलता है और उसी के मुताबिक चलकर आज इस देश ने प्रगति की है। लेकिन वर्तमान में जो परिस्थितियां है और केन्द्र की सरकार है उस संविधान को अपने हिसाब से तोड़ना चाहती है, खंडित करना चाहती है, बदलना चाहती है। उन सब लोगों को परेशान करना चाहती है जिन लोगों ने देश की अखंडता को बनाए रखने के लिए हमेशा तैयार रहते है। देश के प्रधानमंत्री ने सेना को छोटा करके कमजोर करने का काम किया है। अग्निवीर जैसी योजना लाकर सेना को कमजोर करने का काम किया है। आज देश में नफरत फैलाने का काम देश की सत्ता कर रही है।

जयपुर में पुलिस मुख्यालय में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 78वां स्वतंत्रता दिवस, 9 पुलिसकर्मी हुए सम्मानित
जयपुर के पुलिस मुख्यालय में 78वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर डीजीपी उत्कल रंजन साहू ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस कर्मियों को उनकी उत्कृष्ट और सराहनीय सेवाओं के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में डीजी इंटेलिजेंस संजय अग्रवाल, एडीजी, आईजी अन्य पुलिस अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों और कार्मिकों ने एक दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी और खुशी का इजहार किया। इस दौरान डीजीपी साहू ने 9 कार्मियों को में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया। 

इनका हुआ सम्मान
सम्मानित होने वाले कार्मिकों में पुलिस अधीक्षक कार्यालय, झुंझुनू के प्रशासनिक अधिकारी अशोक कुमार शर्मा, एटीएस, जयपुर के अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी संजय यादव, पीटीएस, बीकानेर के सहायक प्रशासनिक अधिकारी, राजेंद्र सिंह, जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय, उदयपुर के सहायक प्रशासनिक अधिकारी गोपाल सिंह राव, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, कोटा शहर के वरिष्ठ सहायक, चंद्र प्रकाश गौतम, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, उदयपुर के वरिष्ठ सहायक, दिलीप सिंह राणावत, पुलिस मुख्यालय की भुगतान शाखा में कार्यरत वरिष्ठ सहायक हरिशंकर गुर्जर, पीटीएस अलवर में कार्यरत वरिष्ठ सहायक, मनोज कुमार मीणा और एटीएस, जयपुर के कनिष्ठ सहायक शुभकरण मीना शामिल हैं।