अलवर: राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले में भारत और न्यूजीलैंड के बीच चल रहे क्रिकेट मैच के दौरान जश्न मनाने को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। घटना किशनगढ़ थाना क्षेत्र के बाधोड़ा घुमकड़ गांव की है, जहां हुई फायरिंग में एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।

परिवार छत पर देख रहे थे मैच

परिजनों के मुताबिक रविवार रात करीब 10:30 बजे परिवार के सदस्य घर की छत पर बैठकर मैच देख रहे थे। इसी दौरान भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने एक ही ओवर में लगातार दो विकेट लिए, जिस पर घर के लोगों ने तालियां बजाकर खुशी जताई।

आरोप है कि पास में मौजूद कुछ लोगों ने इस पर आपत्ति जताते हुए अपशब्द कहे, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई।

देखते ही देखते बढ़ गया विवाद

बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद करीब 15 से 20 लोग एकत्र होकर पीड़ित परिवार के घर के बाहर पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने लाठी-डंडों से हमला कर दिया और पथराव भी किया, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई।

फायरिंग में युवती घायल

इसी दौरान एक व्यक्ति छत पर चढ़ गया और वहां से गोली चला दी। गोली घर में मौजूद करीब 30 वर्षीय भजनो बाई के सिर को छूते हुए निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना के बाद परिजन उन्हें तुरंत किशनगढ़ बास अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां डॉक्टरों ने उनके सिर पर नौ टांके लगाए।

एक अन्य व्यक्ति भी हुआ घायल

इस झड़प में युवती के मामा रिकु के भी घायल होने की जानकारी मिली है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।