नाथद्वारा स्थित पुष्टिमार्गीय वल्लभ सम्प्रदाय के प्रमुख श्रीनाथजी मंदिर में मंगलवार को एक भव्य अवसर देखने को मिला। मंदिर मंडल की उपाध्यक्ष कोकिला बेन ने अपने 92वें जन्मदिन के अवसर पर भगवान श्रीनाथजी के दर्शन किए और युवाचार्य गोस्वामी विशाल बावा से आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर मुकेश अंबानी, अनिल अंबानी, आकाश, श्लोका, अनंत, राधिका, अंशुल, अनमोल अंबानी, नीना बेन कोठारी, दीप्ति सालगांवकर सहित संपूर्ण अंबानी परिवार मौजूद रहा। साथ ही, धनराज नाथवानी और अन्य गणमान्य भी उपस्थित थे।

संध्या आरती के बाद युवाचार्य विशाल बावा ने सभी परिवारजनों को फेंटा बांधकर, रजाई और ऊपरना ओढ़ाकर सम्मानित किया और प्रसाद वितरण के साथ आशीर्वाद प्रदान किया। इस अवसर पर दीक्षिता बहूजी ने भी जन्मदिन की शुभकामनाएं दी।

परिवार ने गोस्वामी तिलकायत राकेश महाराज और राजेश्वरी गोस्वामी से वीडियो कॉल के माध्यम से आशीर्वाद भी लिया। तिलकायत ने कोकिला बेन को जन्मदिन की शुभकामनाएं और मंगलकामनाएं प्रेषित कीं।

इस अवसर पर मंदिर में 51 वेदपाठी ब्राह्मणों द्वारा स्वस्तिवाचन एवं मंगलाचरण किया गया, वहीं मोती महल चौक में भजन-कीर्तन के माध्यम से शुभकामनाएं दी गईं।

कार्यक्रम में श्रीनाथजी मंदिर अधिकारी सुधाकर उपाध्याय, तिलकायत के सलाहकार अंजन शाह, बोर्ड सदस्य समीर चौधरी, सहायक अधिकारी अनिल सनाढ्य, मंदिर मंडल के सीईओ जितेंद्र पांडेय, तिलकायत के सचिव लीलाधर पुरोहित, समाधानी उमंग मेहता, जमादार विट्ठल सनाढ्य, कैलाश पालीवाल, मोती महल निगरा गोपी वर्मा सहित सेवा विभाग के कई सेवादार भी उपस्थित रहे।