सेना में ठेके दिलवाने के नाम पर एक ट्रेडिंग कारोबारी से 60 लाख की ठगी का मामला सामने आया है। इसमें सेना से रिटायर्ड सार्जेंट और उसकी पत्नी पर आरोप लगाया गया है। उन्होंने मिलकर 60.56 लाख की धोखाधड़ी की। हालांकि इसमें दस लाख रुपये लौटा दिए गए। पति-पत्नी ने मिलकर उसे एक्सटॉर्सन में भी फंसाया और एक झूठी रिपोर्ट रातानाडा थाने में दी गई। जब एडवांस दिए चेक बाउंस हुए तब पीड़ित ने अदालत की शरण ली और इस्तगासे से महामंदिर थाने में मामला दर्ज करवाया गया। महामंदिर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

पुलिस ने किया मामला दर्ज
पुलिस ने बताया कि मानसागर गली नंबर एक निवासी प्रेमप्रकाश अटल की तरफ से मामला दर्ज करवाया गया है। इसमें बताया कि वह मंडोर मंडी में ट्रेडिंग का कार्य करने के साथ बैंक लोन लेनदेन का काम भी करता है। वह सीए भी है। मंडोर मंडी में आने वाले भवानी सिंह उसका परिचित है। एक दिन भवानी सिंह ने उसके कार्यालय पर आंध्रप्रदेश के विजयवाड़ा निवासी पतिबंदला श्रीनिवास उर्फ श्रीनिवासु से मिलवाया था। पतिबंदला ने खुद को सेना में कार्यरत होना बताया। साथ ही सेना में मिनरल वॉटर इत्यादि के ठेके लेने देने के बारे में जानकारी दी, लेकिन इसके लिए केवल सैन्य कर्मचारी को ही ठेके दिलाने की बात की थी। 

जान पहचान होने पर 2022 में पतिबंदला श्रीनिवास फिर से प्रेम प्रकाश से मिला और बताया कि सेना में सब्जी का कॉन्टेक्ट मिल रहा है, जो उसने प्रेम प्रकाश से लेने को कहा। इस पर प्रेम प्रकाश ने सैन्य कॉलोनी में सब्जी की स्टॉल का ठेका पतिबंदला श्रीनिवास के नाम से लिया और 11 लाख रुपये लगाए। मई 2022 में ठेका लिया तब तक सही चला। पतिबंदला श्रीनिवास ने इसमें 10 लाख चुकाए। इसके बाद 2023 सितंबर तक बंदला ने प्रेम प्रकाश को मोबाइल रिपेयर, आरओ आदि का ठेका दिलाया और प्रेम प्रकाश ने पतिबंदला श्रीनिवास के नाम से कॉन्ट्रेक्ट लिए और कुल 60 लाख का इनवेस्ट किया।

जल्द ही पैसे लौटाने का विश्वास दिया, बाद में टालना किया शुरू
पतिबंदला श्रीनिवास ने अक्टूबर 2023 तक हर दिन पांच हजार रुपये दिए फिर देना बंद कर दिया। इस पर प्रेम प्रकाश ने उससे नियमित पैसे लौटाने पर जोर बनाया तब पहले उसने माफी मांग कर जल्द ही पैसे लौटाने को कहा, लेकिन बाद में उसने टालना शुरू कर दिया। कारोबारी ने अपने स्तर पर पता लगाया तो मालूम हुआ कि पतिबंदला तो सेना से सेवानिवृत है।

इस पर उससे बात की तो उसने कुछ चेक दिए जोकि अनादरित होने के साथ उसके पत्नी सुनीता ने भी कारोबारी को धमकाना शुरू कर दिया। पतिबंदला ने खुद को सेना अफसर बताते हुए कहा कि पुलिस उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकती है। आरोपी पक्ष द्वारा कारोबारी के खिलाफ रातानाडा थाने में एक्सटॉर्सन का केस भी करवाया गया था लेकिन रातानाडा पुलिस ने उसकी बात नहीं सुनी। अब पीड़ित कारोबारी ने महामंदिर थाने में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दी है।