जयपुर से सटे चाकसू क्षेत्र में शनिवार तड़के एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना हुई। कोटा-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-52) पर टिगरिया मोड़ के पास तेज़ रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई। हादसा सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुआ, जिसमें एक महिला सहित पांच यात्रियों की जान चली गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार चला रहा चालक झपकी में चला गया था, जिससे वाहन नियंत्रण से बाहर होकर ट्रेलर से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह चकनाचूर हो गई और उसमें बैठे लोग अंदर ही फंस गए।

मध्य प्रदेश से जयपुर जा रहे थे यात्री

चाकसू थाना प्रभारी मनोहर लाल मेघवाल के अनुसार, कार में सवार सभी लोग मध्य प्रदेश से जयपुर की ओर यात्रा कर रहे थे। चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक ने गंभीर रूप से घायल होने के बाद अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। सभी मृतक जबलपुर के निवासी बताए गए हैं और महाकाल दर्शन के बाद खाटू श्याम जा रहे थे।

हादसे से हाईवे पर लगा लंबा जाम

दुर्घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना और दुर्घटना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को हटाया गया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका।

शव मोर्च्युरी में, परिजनों को दी गई सूचना

पुलिस ने सभी शवों को चाकसू उपजिला अस्पताल की मोर्च्युरी में रखवाया है। मृतकों की पहचान परिजनों के आने के बाद की जाएगी और पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। जांच अधिकारी जयसिंह के अनुसार, हादसे की सूचना परिवारों को दे दी गई है और मामले की आगे की जांच जारी है।