तारानगर तहसील के गांव ढाणी आषा के 28 वर्षीय विजय कुमार धीनवाल का सोमवार दोपहर गांव में गमगीन माहौल में सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार हुआ। इससे पहले सोमवार सुबह शहीद का पार्थिव तारानगर पहुंचा। यहां गांव के युवाओं ने तिरंगा यात्रा के साथ शहीद के पार्थिव देह को गांव तक लेकर पहुंचे। इस दौरान 'जब तक सूरज चांद रहेगा... विजय भाई तेरा नाम रहेगा...' के नारे गूंजायमान हुए। शहीद के अंतिम दर्शन के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा।

शहीद का पार्थिव देह उसके घर पहुंचा तो माहौल गमगीन हो गया। बूढ़े पिता की आंखे पथरा गई थीं। वहीं, शहीद वीरांगना पति के शहीद होने की सूचना मिलने के साथ बेसुध हो रही थी। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल दिलीप सिंह ने बताया कि 28 वर्षीय शहीद विजय कुमार धीनवाल भारतीय नेवी में थे। जो महाराष्ट्र के बेलगांव में कमांडो ट्रेनिंग कर रहे थे। सात सितम्बर की सुबह बेलगांव में ट्रेनिंग के दौरान उनकी नाव नदी में डूब गई। जिससे वह वीरगति को प्राप्त हो गए। विशेष विमान से शहीद का शव का रविवार शाम दिल्ली लाया गया। यहां सड़क मार्ग से सोमवार सुबह शव तारानगर पहुंचा। 

यहां से गांव के युवाओं के द्वारा तिरंगा यात्रा निकालकर गांव के लाडले को अंतिम विदाई दी गई। उन्होंने बताया कि विजय कुमार की एक साल पहले शादी हुई थी। गांव ढाणी आशा में सैनिक सम्मान के साथ शहीद विजय कुमार का अंतिम संस्कार किया गया। इसमें जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी सहित गांव के सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

15 माह के बेटे लक्षित ने दी शहीद पिता को मुखाग्नि
गांव ढाणी आषा के शीषपाल धीनवाल ने बताया कि शहीद विजय कुमार धीनवाल को मुखाग्नि उसके 15 माह के बेटे लक्षित ने दी। विजय कुमार का साल 2015 में भारतीय नेवी में चयन हुआ था। उसकी शादी पांच मार्च 2022 में सरदार शहर तहसील के गांव गाजुसर की रहने वाली किरण से हुई थी। किरण ने अभी बीएड की है। शहीद विजय के एक 13 माह का बेटा है। दो भाइयों में विजय खुद बड़ा है। उसका छोटा भाई आईआईटी पास है। जो फिलहाल यूपीएससी की तैयारी कर रहा है। पिता मदनलाल धीनवाल खुद आर्मी से रिटायर्ड है। 

हादसे में दो की मौत
ताऊ शीषपाल ने बताया कि अभी दो अगस्त को छुट्टी पूरी कर ड्यूटी पर गया था। वह कमांडो की ट्रेनिंग में चार सितम्बर को गया था। हादसे के समय नाव में सात जने सवार थे। इनमें दो की मौत हो गई और पांच को जिंदा बचा लिया गया। नाव में सवार दूसरा शहीद हुआ सैनिक नेपाल का रहने वाला था। ताऊ शीषपाल ने अंतिम बार छह सितम्बर को विजय से बात की थी। तब उसने गांव और परिवार के लोगों के हालचाल पूछे थे। जिसने बताया कि अभी वह ट्रेनिंग में आया हुआ है। ताऊ शीषपाल ने विजय से पूछा की तेरे एरिये में बारिश और मौसम कैसा है।

इस मौके पर इस मौके पर सांसद राहुल कस्बा पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ भाजपा नेता राकेश जांगिड़ प्रधान संजय कस्वा तारानगर तहसीलदार, तारानगर डीएसपी मीनाक्षी, तारानगर थानाधिकारी गौरव खेड़िया, पूर्व जिला सैनिक कल्याण बोर्ड अधिकारी रामकुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।