राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस और आरजेडी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार की धरती से इन दलों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत माताजी को लेकर शर्मनाक टिप्पणी कर भारतीय संस्कृति और परंपराओं का अपमान किया है। सीएम ने कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के मंच से दिया गया यह बयान घोर निंदनीय है और देश इन्हें कभी माफ नहीं करेगा।
‘मां जानकी की धरती पर अस्वीकार्य बयान’
गुरुवार देर रात जारी वीडियो संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार, जिसे ज्ञान, तप और आदर्श की भूमि माना जाता है, वहां से इस तरह का अमर्यादित व्यवहार इन पार्टियों के संस्कार और मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी एक गरीब मां के बेटे हैं और जनता ने उन्हें अपार स्नेह दिया है, लेकिन विपक्षी दल इसे पचा नहीं पा रहे।
‘महान परंपरा का अपमान’
भजनलाल शर्मा ने कहा कि मोदी की माताजी ने कठिन संघर्ष और परिश्रम से गरिमापूर्ण जीवन व्यतीत किया और शतायु होकर देवलोक गमन किया। उनके प्रति की गई अशोभनीय टिप्पणी न सिर्फ अपमानजनक है बल्कि भारत की महान परंपरा के भी खिलाफ है।
‘महिलाओं के प्रति दुर्भावनापूर्ण सोच’
उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री मातृशक्ति का सम्मान बढ़ाने वाले कानून बना रहे हैं, तब राहुल गांधी और तेजस्वी यादव जैसे नेता महिलाओं के प्रति अपनी संकीर्ण मानसिकता उजागर कर रहे हैं। यह भारत की मातृशक्ति का घोर अपमान है।
‘कांग्रेस की पुरानी आदत’
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस जब भी चुनावी हार की आशंका देखती है, तो अपशब्दों और व्यक्तिगत हमलों का सहारा लेती है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता समझ चुकी है कि वोट की राजनीति के लिए विपक्ष कितना नीचे गिर सकता है।