लखनऊ में भाजपा संगठन और सरकार से जुड़े संभावित बदलावों को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी बीच रविवार शाम उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के आवास पर पार्टी के कोर ग्रुप की अहम बैठक हुई, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह शामिल हुए।

आधिकारिक तौर पर इस बैठक को सामान्य बताया गया और कहा गया कि इसे प्रदेश कार्यालय में भीड़ से बचने के लिए आवास पर आयोजित किया गया। हालांकि, राजनीतिक गलियारों में इसे महत्वपूर्ण रणनीतिक चर्चा के तौर पर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि बैठक में संगठन को मजबूत करने, आगामी चुनावों के लिए माहौल तैयार करने और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ।

पिछले कुछ दिनों में संघ और भाजपा नेतृत्व के बीच भी लगातार बैठकें हुई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आवास पर हुई समन्वय बैठक में संघ के पदाधिकारियों और सहयोगी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया था, जिससे संगठनात्मक गतिविधियों में तेजी के संकेत मिले हैं।

रविवार की बैठक में चारों नेताओं के बीच लंबी चर्चा चली। सूत्रों के अनुसार, बोर्ड, निगम और आयोगों में संभावित नियुक्तियों के साथ-साथ क्षेत्रीय अध्यक्षों की भूमिका और जिम्मेदारियों पर भी विशेष ध्यान दिया गया। बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सीधे एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए और दिल्ली चले गए।