राजस्थान आम आदमी पार्टी के यूथ विंग अध्यक्ष अनुराग बराड़ ने राजस्थान कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा  पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कांग्रेस आलाकमान से रंधावा को पद से हटाने की मांग भी कर डाली। अनुराग बराड़ ने कहा कि रंधावा ने गैंगस्टर मुख्तार अहमद अंसारी से दोस्ती निभाई है। पंजाब में जेल में रहने के दौरान उन्होंने अंसारी पर 55 लाख रुपये भी खर्च किए थे। 

हनुमानगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अनुराग बराड़ ने कहा कि राजस्थान एक शांतिप्रिय प्रदेश है। कांग्रेस प्रभारी रंधावा ने मंत्री पद पर रहते हुए गैंगस्टर से दोस्ती निभाई है। 

ऐसे में उनसे राजस्थान की कानून व्यवस्था को भी खतरा है। बराड़ ने कहा कि सुखजिंदर रंधावा जहां भी जाएंगे आम आदमी पार्टी वहां उनका विरोध करेगी। बराड़ ने कांग्रेस आलाकमान से रंधावा को पद से हटाने की भी मांग की। इस दौरान उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में आम जनता कांग्रेस को सबक सिखाएगी।